राजस्थान पुलिस ने अनुसंधान अधिकारियों को कानूनी प्रावधानों और न्यायिक निर्णयों की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवाचार करते हुए ‘विधि दर्पण’ पुस्तिका प्रकाशित की है। अनुसंधान एवं अभियोजन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, विधिसम्मत और न्यायिक अपेक्षाओं के अनुरूप बनाने के लिए तैयार इस पुस्तिका में उच्चतम न्यायालय और राजस्थान उच्च न्यायालय के महत्वपूर्ण चयनित निर्णयों का संकलन किया गया है।
पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में पुस्तिका के प्रथम अंक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पुस्तिका पुलिस अधिकारियों के लिए अनुसंधान, साक्ष्य संकलन और अभियोजन प्रक्रिया में उपयोगी संदर्भ सामग्री साबित होगी।
पुस्तिका को चार प्रमुख भागों में विभाजित किया गया है। प्रथम भाग में उच्चतम न्यायालय के महत्वपूर्ण निर्णय शामिल किए गए हैं। इनमें गिरफ्तारी के आधार लिखित रूप में बताना अनिवार्य होने, आगे की जांच के लिए मजिस्ट्रेट की अनुमति, दीवानी विवाद और छल के अपराध तथा पहचान संबंधी साक्ष्य एवं शिनाख्त परेड जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
द्वितीय भाग में राजस्थान उच्च न्यायालय के अनुसंधान में न्यायिक हस्तक्षेप की सीमा, अवरोधन से संबंधित सुरक्षा उपायों और एफआईआर से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों का संकलन किया गया है। तृतीय भाग में अनुसंधान अधिकारियों के लिए उपयोगी आठ आधारभूत एवं स्मरणीय निर्णय दिए गए हैं। वहीं, चतुर्थ भाग में व्यावहारिक संदर्भ सामग्री शामिल की गई है, जिसमें अनुसंधान अधिकारियों के कार्य व्यवहार में उपयोगी बिंदुओं को प्रकाशित किया गया है।
इसके अलावा, पुस्तिका में नवीन और पुराने कानूनों की समतुल्य धाराओं की सारणी के साथ दंड प्रक्रिया संहिता तथा भारतीय न्याय संहिता की महत्वपूर्ण धाराओं का भी उल्लेख किया गया है।
पुस्तिका में पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा, सीआईडी-सीबी महानिरीक्षक एवं पुस्तिका की प्रधान संपादक श्रीमती के. बी. वंदना तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक (अपराध शाखा) श्रीमती राशि डोगरा डूडी के विशेष आलेख भी प्रकाशित किए गए हैं। इस पुस्तिका का प्रकाशन प्रत्येक तीन माह में किया जाएगा।
पुस्तिका के विमोचन के अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा, डीजी (कानून व्यवस्था) श्री संजय अग्रवाल, डीजी (स्पेशल ऑपरेशन) श्री आनंद श्रीवास्तव, डीजी (ट्रैफिक) श्रीमती मालिनी अग्रवाल, एडीजी (क्राइम) श्री बिपिन पाण्डेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
