युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (MY Bharat), राजस्थान और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के संयुक्त प्रयासों से रविवार, 29 नवंबर को ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के ऐतिहासिक 100वें संस्करण का आयोजन किया जाएगा। इस राष्ट्रव्यापी अभियान को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के 11वें सप्ताह से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य युवाओं को शारीरिक फिटनेस के साथ नशामुक्त और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस संबंध में शनिवार को जयपुर स्थित यूथ हॉस्टल में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में मेरा युवा भारत, राजस्थान के राज्य निदेशक देवेंद्र व्यास और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की सहायक निदेशक साहिला सैमसन ने प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रदेश के 41 जिलों में निकाली जाएंगी साइकिल रैलियां
प्रेस वार्ता में बताया गया कि देशभर के 700 चिन्हित स्थानों पर आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत राजस्थान के 41 जिलों में MY Bharat के जिला युवा अधिकारियों और युवा मंडलों के नेतृत्व में साइकिल रैलियां निकाली जाएंगी।
इसके अलावा भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा चिन्हित प्रमुख केंद्रों पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें MY Bharat के स्वयंसेवक सक्रिय भूमिका निभाएंगे। प्रत्येक आयोजन स्थल पर कम से कम 200 युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इनमें MY Bharat स्वयंसेवक, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (NYVs), युवा क्लब, खेलो इंडिया केंद्र (KICs) और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी शामिल होंगे।
नशामुक्ति की शपथ और सिग्नेचर वॉल से देंगे संदेश
‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ की थीम के तहत प्रदेश के 37 जिलों के आयोजन स्थलों पर प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही प्रत्येक आयोजन स्थल पर विशेष सिग्नेचर वॉल बनाई जाएगी, जहां युवा, खिलाड़ी और जनप्रतिनिधि नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए अपने हस्ताक्षर कर संकल्प लेंगे।
ऑनलाइन पोर्टल पर निःशुल्क पंजीकरण
अभियान में भाग लेने के इच्छुक युवा और नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://fitindia.gov.in/100-sundayoncycle तथा MY Bharat पोर्टल के माइक्रो-इवेंट्स के माध्यम से निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं।
सोशल मीडिया पर युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए #IndiaReady4Olympics और #NashaMuktYuva हैशटैग के साथ विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।
मेरा युवा भारत और भारतीय खेल प्राधिकरण ने राजस्थान के युवाओं, खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और आम नागरिकों से अपील की है कि वे रविवार, 29 नवंबर को सुबह अपने नजदीकी आयोजन स्थल पर पहुंचकर इस ऐतिहासिक 100वें संस्करण में भाग लें और स्वस्थ, फिट एवं नशामुक्त राजस्थान के निर्माण में योगदान दें।
प्रेस वार्ता के दौरान उपनिदेशक सूचना एवं जनसंपर्क हेमंत सिंह और MY Bharat के सहायक निदेशक शरद त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
