मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में शनिवार को शासन सचिवालय में विश्व बैंक वित्तपोषित राजस्थान राज्य राजमार्ग आधुनिकीकरण परियोजना (RHMP) की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों, स्वीकृत EPC एवं HAM पैकेज, प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं और फिजिबिलिटी स्टडी की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने विभिन्न कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों से असेसमेंट रिपोर्ट और कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने परियोजना के सभी घटकों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन कर निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने वित्त विभाग को परियोजना की वित्तीय प्रगति की समीक्षा और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
262 किलोमीटर से अधिक सड़क कार्य EPC पैकेज में शामिल
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, सार्वजनिक निर्माण विभाग प्रवीण गुप्ता ने बताया कि परियोजना का उद्देश्य चयनित राज्य राजमार्गों का उन्नयन कर परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स दक्षता बढ़ाना, राजस्थान स्टेट हाईवेज अथॉरिटी की नेटवर्क प्रबंधन क्षमता मजबूत करना और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत पांच EPC पैकेजों में कुल 262.794 किलोमीटर लंबाई के सड़क कार्य शामिल हैं। वहीं, HAM मोड के तहत दो पैकेजों में चार सड़क मार्गों के कुल 193.805 किलोमीटर के कार्य प्रगतिरत हैं। इसके अतिरिक्त पांच सड़क मार्गों की फिजिबिलिटी स्टडी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि विश्व बैंक वित्तपोषित प्रथम चरण के 13 कार्य पूरे हो चुके हैं। इन कार्यों में 10 प्रतिशत के लक्ष्य के मुकाबले 32 प्रतिशत समय की बचत दर्ज की गई है।
44 सड़कों पर 81 टोल प्लाजा से हो रहा संग्रहण
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में 44 सड़कों पर 81 टोल प्लाजा के माध्यम से टोल संग्रहण किया जा रहा है। वहीं, पांच राज्य राजमार्गों पर इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम (ITS) लागू किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) के सहयोग से 31 सड़कों के कुल 2,020 किलोमीटर लंबाई के कार्य 3,502 करोड़ रुपये की लागत से पूरे किए गए हैं।
इसी प्रकार, विश्व बैंक की सहायता से 27 सड़कों के कुल 1,858 किलोमीटर लंबाई के कार्य 6,373 करोड़ रुपये की स्वीकृति के तहत किए जा रहे हैं। इनमें से 16 सड़कें पूरी हो चुकी हैं, छह पर कार्य प्रगतिरत है और पांच सड़कें डीपीआर स्तर पर हैं। इन कार्यों पर अब तक 2,534 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
बैठक में प्रमुख शासन सचिव, परिवहन विभाग भवानी सिंह देथा, शासन सचिव वित्त (व्यय) डॉ. टीना सोनी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
