राष्ट्रपति मुर्मु ने नौसेना की पासिंग आउट परेड का किया निरीक्षण

👁 0 Views

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 28 नवंबर 2026 को केरलम के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी में ऑटम टर्म 2026 की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने भारतीय तटरक्षक बल और मित्र देशों के प्रशिक्षुओं सहित सभी कैडेटों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि प्रशिक्षण पूरा करने वालों में बड़ी संख्या में बेटियां भी शामिल हैं। उनकी उपलब्धियां देश की अन्य युवा बेटियों को बड़े सपने देखने और राष्ट्रसेवा में चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित करेंगी।

समुद्री सुरक्षा का वैश्विक व्यापार में अहम योगदान

राष्ट्रपति ने कहा कि आज की परस्पर जुड़ी दुनिया में समुद्री क्षेत्र का महत्व लगातार बढ़ रहा है। वैश्विक व्यापार का बड़ा हिस्सा समुद्री मार्गों से संचालित होता है। इन मार्गों की सुरक्षा देशों की आर्थिक समृद्धि और आम नागरिकों के दैनिक जीवन से सीधे जुड़ी हुई है।

उन्होंने कहा कि जहाजों की आवाजाही में किसी भी तरह का व्यवधान आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को प्रभावित कर सकता है और लागत बढ़ने से आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है।

राष्ट्रपति ने प्रशिक्षुओं से कहा कि समुद्र में उनकी सेवा का सीधा संबंध जमीन पर रहने वाले लोगों के जीवन से भी है। उनकी जिम्मेदारी देश की सुरक्षा के साथ-साथ नागरिकों की समृद्धि और खुशहाली में योगदान देना भी है।

नेतृत्व का अर्थ जिम्मेदारी निभाना और उदाहरण प्रस्तुत करना

राष्ट्रपति ने कहा कि युवा कैडेटों की सत्यनिष्ठा, पेशेवर दक्षता, साहस और संवेदनशीलता ही भारतीय नौसेना के भविष्य को आकार देंगे। उन्हें कई बार दबावपूर्ण परिस्थितियों में कठिन निर्णय लेने होंगे।

उन्होंने कैडेटों को सलाह दी कि नेतृत्व का अर्थ केवल आदेश देना नहीं है, बल्कि जिम्मेदारी निभाना, अपने आचरण से उदाहरण प्रस्तुत करना और साथ काम करने वाले कर्मियों के साथ मजबूती से खड़े रहना भी है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कैडेटों का प्रशिक्षण, परिस्थितियों के अनुरूप ढलने की क्षमता और प्रतिबद्धता उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करेगी।

नौसेना की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने का आह्वान

राष्ट्रपति ने कहा कि कैडेटों द्वारा धारण की जाने वाली वर्दी में एक अरब से अधिक भारतीयों का विश्वास और अपेक्षाएं निहित हैं। देश का प्रत्येक नागरिक अपनी सशस्त्र सेनाओं को गर्व और विश्वास के साथ देखता है।

उन्होंने युवा कैडेटों से भारतीय नौसेना की गौरवशाली परंपराओं, उच्च आदर्शों और मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया।

राष्ट्रपति का पूरा भाषण देखने के लिए यहां क्लिक करें।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *