‘दीवाली खुशियों वाली’ प्रतियोगिता की तारीख बढ़ी

👁 1 Views

जयपुर नगर निगम द्वारा दीपावली के अवसर पर आयोजित ‘दीवाली खुशियों वाली’ प्रतियोगिताओं को लेकर शहरवासियों, व्यापारियों, संस्थागत प्रतिष्ठानों एवं वार्ड पार्षदों में मिल रहे उत्साहजनक प्रतिसाद को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पार्षदों एवं आवेदकों की मांग पर अब प्रतियोगिताओं के लिए प्रविष्टियां 19 नवंबर 2026, गुरुवार तक स्वीकार की जाएंगी।

प्रतिभागियों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए अब सभी सात श्रेणियों में दीपावली के दौरान की गई सजावट की मोबाइल गैलरी में पहले से सुरक्षित तस्वीरें भी अपलोड की जा सकेंगी। इससे जिन नागरिकों, व्यापारियों एवं संस्थानों ने दीपावली पर अपने घर, प्रतिष्ठान, कार्यालय या बाजार को सजाया था और उनकी तस्वीरें मोबाइल में सुरक्षित रखी हैं, वे भी प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। इसके लिए दोबारा सजावट करने या नई तस्वीरें लेने की आवश्यकता नहीं होगी।

उल्लेखनीय है कि जयपुर नगर निगम द्वारा इस आयोजन के तहत सात श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता, आवासीय क्षेत्रों में पारंपरिक एवं आधुनिक सजावट, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, संस्थागत प्रतिष्ठान तथा परकोटा (हेरिटेज) एवं ग्रेटर क्षेत्र के बाजार शामिल हैं।

विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार

1. वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता

इस प्रतियोगिता में वार्ड पार्षदों को अपने वार्ड की स्वच्छता, नवाचार एवं विशेष पहलों से संबंधित 50 सर्वश्रेष्ठ तस्वीरें प्रस्तुत करनी होंगी। विजेता वार्डों को अतिरिक्त विकास कार्यों के रूप में पुरस्कार दिए जाएंगे।

  • प्रथम पुरस्कार: ₹51 लाख के अतिरिक्त विकास कार्य।
  • द्वितीय पुरस्कार: ₹31 लाख के अतिरिक्त विकास कार्य।
  • तृतीय पुरस्कार: ₹21 लाख के अतिरिक्त विकास कार्य।
  • चतुर्थ से दसवां स्थान: प्रत्येक वार्ड को ₹11 लाख के अतिरिक्त विकास कार्य।

2. आवासीय क्षेत्र – पारंपरिक एवं आधुनिक सजावट

दोनों श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। इनमें इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन (EV), LED टीवी एवं स्मार्टफोन शामिल हैं।

3. व्यावसायिक एवं संस्थागत प्रतिष्ठान तथा बाजार क्षेत्र

उत्कृष्ट सजावट एवं सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसमें परकोटा (हेरिटेज) एवं ग्रेटर क्षेत्र के बाजार भी शामिल हैं।

ऑनलाइन कर सकेंगे आवेदन

प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी jaipurdiwali.com पर जाकर अपने मोबाइल नंबर से पंजीकरण कर संबंधित श्रेणी का चयन कर सकते हैं। इसके बाद दीपावली के दौरान की गई सजावट की तस्वीरें सीधे अपने मोबाइल की गैलरी से अपलोड कर सकेंगे।

निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित मापदंडों के आधार पर प्रविष्टियों का मूल्यांकन किया जाएगा। प्रतियोगिता के विजेताओं को माननीय महापौर द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

19 नवंबर 2026 है अंतिम तिथि

जयपुर नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता में प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 19 नवंबर 2026 है। इसके बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

नगर निगम ने सभी नागरिकों, व्यापारियों, संस्थागत प्रतिष्ठानों एवं वार्ड पार्षदों से अपील की है कि वे बढ़ाई गई अवधि का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं में भाग लें। दीपावली के दौरान अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं बाजारों में की गई आकर्षक सजावट की तस्वीरें साझा कर इस सामूहिक उत्सव का हिस्सा बनें और गुलाबी नगरी की खूबसूरती को नई पहचान दें।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *