बच्चों को संस्कार और कर्तव्यों का ज्ञान जरूरी : देवनानी

👁 0 Views

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि बच्चों को संस्कारवान और ज्ञानवान बनाने के लिए उन्हें अपने कर्तव्यों की जानकारी देना आवश्यक है। बच्चों को भारतीय ज्ञान परंपरा पर गर्व करना चाहिए और प्रत्येक विषय को गहराई से समझने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुरातन भारतीय संस्कृति को आधुनिकता से जोड़ने की आवश्यकता है। बच्चे गीता से कर्म की भावना और रामायण से संस्कार ग्रहण करें। विकसित भारत-2047 के निर्माण में योगदान देने के लिए उन्हें नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनने का लक्ष्य रखना चाहिए।

श्री देवनानी ने शुक्रवार को विधानसभा में फ्यूचर सोसायटी एवं यूनिसेफ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जयपुर शहर के विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘विजन 2047’ पोस्टर का अवलोकन भी किया। बच्चों ने विधानसभा सदन, भवन एवं संग्रहालय का भ्रमण किया। संग्रहालय में प्रदर्शित ऐतिहासिक सामग्री, तस्वीरों और विधानसभा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों के माध्यम से उन्हें प्रदेश की संसदीय परंपराओं एवं लोकतांत्रिक इतिहास को करीब से जानने का अवसर मिला।

विधानसभा अध्यक्ष ने बच्चों को विधानसभा की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि यहां जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि प्रदेश के विकास, जनहित और जनसमस्याओं से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हैं। कानून निर्माण, जनहित के मुद्दों पर विचार-विमर्श तथा सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने में विधानसभा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि विश्व बाल दिवस की सार्थकता तभी है, जब बच्चे अपने अधिकारों के साथ-साथ अपनी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों को भी समझें।

श्री देवनानी ने विकसित भारत की संकल्पना पर बच्चों के साथ संवाद करते हुए कहा कि देश के भविष्य के निर्माण में नई पीढ़ी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बच्चों में शिक्षा, वैज्ञानिक सोच, नवाचार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होना चाहिए। उन्होंने बच्चों को अपने भविष्य के लक्ष्यों के प्रति जागरूक रहने तथा देश और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। संवाद के दौरान बच्चों ने भी अपने विचार साझा किए और वर्ष 2047 के भारत को लेकर अपनी कल्पनाएं प्रस्तुत कीं।

श्री देवनानी ने कहा कि विधानसभा भ्रमण से बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था के व्यावहारिक स्वरूप को समझने का अवसर मिलता है। इस तरह की गतिविधियां उन्हें पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर देश की संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रत्यक्ष रूप से जानने और समझने में मदद करती हैं। फ्यूचर सोसायटी और यूनिसेफ की यह पहल बच्चों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

फ्यूचर सोसायटी की डॉ. मीना शर्मा ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत बच्चे पत्र, पोस्टकार्ड और वीडियो संदेशों के माध्यम से साझा करेंगे कि वे वर्ष 2047 में राजस्थान को कैसा देखना चाहते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, बाल सुरक्षा, समानता, पर्यावरण संरक्षण और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बच्चे अपने सुझाव प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि यह पहल बच्चों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने, उनकी भागीदारी बढ़ाने और विकसित राजस्थान के निर्माण में उनकी भूमिका सुनिश्चित करने का प्रयास है।

गौरतलब है कि ‘विजन-2047’ का यह अभियान एक वर्ष तक चलेगा। इसके तहत राजस्थान की सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों एवं मंत्रियों के साथ संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर यूनिसेफ के कम्युनिकेशन स्पेशलिस्ट श्री अंकुश सिंह, चाइल्ड प्रोटेक्शन स्पेशलिस्ट डॉ. संजय निराला तथा फ्यूचर सोसायटी की श्रीमती ममता कौशिक भी उपस्थित रहे।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *