राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर)-राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान के वर्षभर चलने वाले स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि मलेरिया लंबे समय से भारत सहित विश्व के अनेक देशों के लिए गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती रहा है। स्वतंत्रता के समय यह भारत की प्रमुख स्वास्थ्य समस्याओं में से एक था। उन्होंने कहा कि यह संतोष का विषय है कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में मलेरिया नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
राष्ट्रपति ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, आधुनिक निदान तकनीकों, प्रभावी दवाओं, मच्छर नियंत्रण अभियानों और सामुदायिक भागीदारी ने मलेरिया के प्रसार को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मलेरिया उन्मूलन की दिशा में भारत की प्रगति को वैश्विक स्तर पर भी मान्यता मिली है। वर्ष 2024 में भारत विश्व स्वास्थ्य संगठन की ‘हाई बर्डन टू हाई इम्पैक्ट’ श्रेणी से बाहर निकलने में सफल रहा। यह उपलब्धि सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों, वैज्ञानिकों, स्वास्थ्यकर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान ने मलेरिया के विरुद्ध देश की लंबी लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पिछले पांच दशकों में संस्थान ने मलेरिया परजीवी, मच्छरों, वेक्टर नियंत्रण, कीटनाशक प्रतिरोध और समुदाय आधारित निगरानी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अग्रणी अनुसंधान किया है।
राष्ट्रपति ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, अनियोजित शहरीकरण और मच्छरों में कीटनाशकों के प्रति बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता जैसी चुनौतियां मलेरिया उन्मूलन के प्रयासों में बाधा बन सकती हैं। ऐसी परिस्थितियों में केवल स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। जलभराव की रोकथाम, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने और पर्यावरण प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नीति निर्माता और वैज्ञानिक समुदाय इन चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर प्रयास कर रहे हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि हाल के वर्षों में डेंगू भी देश के लिए एक बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बनकर उभरा है। वैश्विक तापमान में वृद्धि और मानसून के बदलते स्वरूप के कारण यह समस्या और गंभीर हो सकती है।
उन्होंने कहा कि आईसीएमआर के अनुसंधान और अध्ययनों ने तपेदिक, कुष्ठ रोग और कालाजार जैसी बीमारियों के विरुद्ध देश के प्रयासों को दिशा प्रदान की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्माण और क्रियान्वयन में भी आईसीएमआर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कोविड-19 महामारी के दौरान संस्थान ने रिकॉर्ड समय में राष्ट्रीय परीक्षण नेटवर्क स्थापित करने और भारत के पहले स्वदेशी कोविड-19 टीके के विकास में महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आईसीएमआर डेंगू जैसी बीमारियों के प्रभावी निदान और नियंत्रण के लिए भी निरंतर प्रयास कर रहा है।
राष्ट्रपति ने कहा कि स्वर्ण जयंती समारोह केवल अतीत की उपलब्धियों को याद करने और उन पर गर्व करने का अवसर नहीं है, बल्कि भविष्य के लिए नए और निर्णायक लक्ष्य निर्धारित करने का भी महत्वपूर्ण समय है। देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण के लिए अनुसंधान संस्थानों, तकनीकी एवं उच्च शिक्षा केंद्रों और औद्योगिक क्षेत्र के बीच मजबूत सहयोग आवश्यक है। आईसीएमआर जैसे प्रतिष्ठित संस्थान इस दिशा में नेतृत्वकारी भूमिका निभा सकते हैं।
राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि आईसीएमआर और इसके संबद्ध संस्थान अनुसंधान, आपसी सहयोग और नवाचार के माध्यम से विकसित भारत के स्वास्थ्य संबंधी लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
