राजस्थान के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने गुरुवार को कोरिया गणराज्य की राजधानी सियोल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान (IIAS) के 2026 सम्मेलन के दौरान IIAS के अध्यक्ष के रूप में सियोल घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर उन्होंने लोक प्रशासन संस्थानों और सहयोगी संगठनों के प्रमुखों के साथ आर्थिक विकास को लोगों के जीवन में स्थायी सुधार से जोड़ने की साझा प्रतिबद्धता व्यक्त की।
घोषणापत्र की पांच प्रमुख प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए श्री वी. श्रीनिवास ने कहा कि आर्थिक विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सरकार की सक्रिय भूमिका के साथ उद्योग जगत, शैक्षणिक संस्थानों, नागरिक समाज और स्थानीय समुदायों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने नीति निर्माण में नागरिकों और जमीनी स्तर पर कार्यरत कार्मिकों की सार्थक भागीदारी पर भी जोर दिया।
सामाजिक नवाचार के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक समस्याओं के प्रभावी समाधानों की पहचान कर उन्हें व्यापक स्तर पर लागू करने की आवश्यकता है। कानूनी, संस्थागत और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार से इस प्रक्रिया को गति मिल सकती है। इसके साथ ही प्रौद्योगिकी और डेटा का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग भी इन प्रयासों को मजबूत बना सकता है।
श्री श्रीनिवास ने संयुक्त अध्ययन, नीतिगत संवाद और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज्ञान एवं अनुभवों के आदान-प्रदान के माध्यम से शोध को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और निजी संसाधनों का उपयोग ऐसी पहलों में किया जाना चाहिए, जिनके सामाजिक लाभों का ठोस आकलन संभव हो। इसके लिए विश्वसनीय मूल्यांकन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि भागीदार संस्थाएं इन सिद्धांतों को व्यावहारिक सहयोग में बदलने और अपनी प्रगति साझा करने की दिशा में काम करेंगी। राजस्थान के लिए यह सहभागिता जनसेवाओं और जनशिकायतों के निस्तारण से जुड़े अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने तथा अन्य देशों की प्रभावी कार्यप्रणालियों से सीखने का अवसर प्रदान करती है।
सियोल घोषणापत्र पर हस्ताक्षर करने वाले अन्य प्रमुख व्यक्तियों में इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ स्कूल्स एंड इंस्टीट्यूट्स ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन की अध्यक्ष प्रो. लीजेल लुएस, यूरोपियन ग्रुप फॉर पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की अध्यक्ष प्रो. सबीने कुलमान और एशियन ग्रुप फॉर पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन के अध्यक्ष प्रो. एको प्रासोजो शामिल रहे। इसके अलावा IIAS 2026 सियोल सम्मेलन की आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. यंग बम ली और 100x इम्पैक्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कियरन बॉयल (OBE) ने भी घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए।
