Headlines

डीडीयू-जीकेवाई 2.0 से रोजगार की राह

👁 0 Views

भारत की युवा आबादी आर्थिक विकास और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने का बड़ा अवसर है। इसी क्षमता को रोजगार और कौशल से जोड़ने के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 25 सितंबर 2014 को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (डीडीयू-जीकेवाई) शुरू की। योजना 15 से 35 वर्ष के ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जुड़े कौशल प्रशिक्षण और प्लेसमेंट सहायता प्रदान करती है।

एक दशक से अधिक समय में योजना सामाजिक समावेशन पर भी केंद्रित रही है। इसमें अनुसूचित जाति/जनजाति के लिए 50 प्रतिशत, महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत और दिव्यांगजनों के लिए 5 प्रतिशत कवरेज का प्रावधान है।

मई 2025 में अधिसूचित डीडीयू-जीकेवाई 2.0 के तहत प्रशिक्षण, प्लेसमेंट, रोजगार स्थिरता और नौकरी के बाद सहायता को मजबूत किया गया है। नए ढांचे में एयरोस्पेस, कृषि, स्वास्थ्य सेवा, हरित रोजगार, वस्त्र, सौंदर्य एवं कल्याण जैसे विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण पर जोर दिया गया है। तीन महीने के प्रशिक्षण में डोमेन स्किल के साथ अंग्रेजी संचार, जीवन कौशल, डिजिटल साक्षरता और उद्यमिता को भी शामिल किया गया है।

योजना के तहत न्यूनतम प्लेसमेंट अवधि को तीन महीने से बढ़ाकर छह महीने किया गया है। रोजगार में बने रहने वाले युवाओं के लिए वित्तीय सहायता और 12 महीने तक पोस्ट-प्लेसमेंट ट्रैकिंग का प्रावधान है। प्रवासी युवाओं की सहायता के लिए प्रवासन सहायता केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं।

डीडीयू-जीकेवाई 2.0 में तकनीक का व्यापक उपयोग किया गया है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए प्रशिक्षण, उम्मीदवार प्रबंधन, मूल्यांकन, प्रमाणन, वित्तीय प्रबंधन और प्लेसमेंट की निगरानी की जाती है। रोजगार मेलों के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को संभावित नियोक्ताओं से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।

2014-15 से अब तक डीडीयू-जीकेवाई के तहत 18.47 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है और 12.43 लाख से अधिक प्लेसमेंट हुए हैं। इनमें 9.71 लाख से अधिक महिलाएं प्रशिक्षित हुईं, जबकि 6.34 लाख से अधिक महिलाओं को प्लेसमेंट मिला।

ग्रामीण युवाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थानों (आरएसईटीआई) के माध्यम से भी नि:शुल्क प्रशिक्षण और आजीविका सहायता प्रदान करती है। 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 634 जिलों में 647 आरएसईटीआई संचालित हैं।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *