राजस्थान आवासन मंडल की 256वीं संचालक मंडल बैठक बुधवार को अध्यक्ष एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आलोक गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जयपुर में फॉरेंसिक विज्ञान, साइबर सुरक्षा, स्वच्छता एवं सार्वजनिक सुविधाओं के विकास सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
कोचिंग हब में NFSU और CFSL को मिलेगी जगह
बैठक में प्रताप नगर योजना के सांगानेर स्थित कोचिंग हब के सेक्टर-16 के प्रशासनिक भवन के टावर संख्या 5, 7 और 8 को नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) एवं केंद्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) के शैक्षणिक और संस्थागत उपयोग के लिए आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
वहीं टावर संख्या-6 को R4C भवन और AI आधारित साइबर हेल्पलाइन 1930 कॉल सेंटर के संचालन के लिए आवंटित करने की स्वीकृति दी गई।
कचरा प्रबंधन के लिए मिलेगी जमीन
जयपुर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर निगम को प्रताप नगर योजना के सेक्टर-5 में 9,128.72 वर्ग मीटर भूमि निःशुल्क आवंटित करने का निर्णय लिया गया। इस भूमि पर मेकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन (MTS) और आधुनिक गैराज का निर्माण किया जाएगा।
कार्मिकों की पदोन्नति और नए पदों को मंजूरी
बैठक में वर्ष 2026-27 में नियमित कार्मिकों को पदोन्नति देने के लिए कार्यानुभव में शिथिलन को कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा मंडल के उद्यानिकी संवर्ग के लिए आवश्यक पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंकेक्षित वार्षिक लेखों को भी अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया गया।
बैठक में आवासन आयुक्त श्री अरविन्द पोसवाल, सचिव श्री गोपाल सिंह, मुख्य अभियंता श्री अमित अग्रवाल, श्री टी.एस. मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
