जयपुर जिले में नागरिक सुरक्षा विभाग के सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए कूकस क्षेत्र में 90 फीट गहरे सूखे कुएं में फंसे चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री अमित शर्मा ने बताया कि दोपहर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ग्राम कूकस में एक पुरुष और एक महिला करीब 90 फीट गहरे सूखे कुएं में गिर गए हैं। उन्हें बाहर निकालने के प्रयास में दो अन्य व्यक्ति भी कुएं में उतरे, लेकिन वे भी नीचे जाकर फंस गए।
सूचना मिलते ही डीक्यूआरटी टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। कुएं की कच्ची संरचना और दीवारों के धंसने की आशंका के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था। टीम ने अत्यधिक सावधानी और तकनीकी दक्षता के साथ बचाव कार्य किया। ऑपरेशन में क्रेन की सहायता भी ली गई।
रेस्क्यू किए गए चार लोगों में से एक महिला और एक पुरुष की स्थिति गंभीर थी। दोनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। वहीं, अन्य दो व्यक्तियों को गंभीर चोट नहीं आई।
जयपुर जिले में नागरिक सुरक्षा एवं सिविल डिफेंस की टीमें पूर्व में भी विभिन्न दुर्घटनाओं और आपात परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य कर कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी हैं।
घटना का सुपरविजन जिला कलेक्टर एवं नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा द्वारा किया गया। एडीएम साउथ के मार्गदर्शन में राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री अमित शर्मा के नेतृत्व में स्वयंसेवक आसिफ खान, साकिब, निक्की, अफजल, युवराज, लक्ष्मण सिंह सहित सिविल डिफेंस टीम के अन्य सदस्यों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई।
