8 सितंबर
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान के लिए मंगलवार को जयपुर जिले में मतदान दलों की रवानगी की गई। 9 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होने वाले मतदान के लिए श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सीकर रोड, जयपुर से मतदान दलों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
प्रथम चरण में जयपुर जिले की 2 नगर परिषदों और 16 नगरपालिकाओं के कुल 565 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल रवाना किए गए। रवानगी स्थल पर मतदान कार्मिकों को निर्वाचन सामग्री, प्रशिक्षण और आवश्यक वाहनों की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक ने मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मतदान अधिकारियों से निर्भीकता और निष्पक्षता के साथ चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने का आह्वान किया।
उन्होंने पीठासीन अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर पहुंचते ही भवन का निरीक्षण कर निर्धारित ले-आउट के अनुसार मतदान केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वोटिंग कंपार्टमेंट की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि कंट्रोल यूनिट और बैलेट यूनिट को जोड़ने वाली केबल मतदान प्रक्रिया में बाधा न बने। मतदान मशीन को खिड़की या दरवाजे के पास नहीं रखा जाए तथा मतदाताओं के प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
प्रथम चरण में नगर परिषद शाहपुरा और चौमूं के अलावा मनोहरपुर, फुलेरा, सांभर, जोबनेर, खेजरोली, जमवारामगढ़, नारायणा, किशनगढ़-रेनवाल, बगरू, कालाडेरा, दूदू, चाकसू, फागी, वाटिका, कानोता और बस्सी नगरपालिकाओं के लिए मतदान दल रवाना किए गए।
मतदान दलों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग पारियों में बुलाकर निर्वाचन सामग्री वितरित की गई और इसके बाद उन्हें संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय देवयानी और अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
