Headlines

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह की अध्यक्षता में किशाऊ बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना के लिए एमओयू

👁 2 Views

ऐतिहासिक समझौते से पेयजल, सिंचाई सहित अन्य आवश्यकताओं के लिए मिलेगा पर्याप्त जल
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दशकों से अटकी परियोजनाओं का हो रहा समाधान : मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा
— राजस्थान सहित 6 राज्यों ने एमओयू पर किए हस्ताक्षर

15 सितंबर

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह की अध्यक्षता में मंगलवार को नई दिल्ली में किशाऊ बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना के लिए महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटिल तथा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने इस समझौते को राज्यों के बीच आपसी सहयोग एवं समन्वय की मिसाल बताते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास’ के विजन को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। राज्यों की आपसी सहमति एवं सहयोग से दशकों से लंबित परियोजनाओं का समाधान संभव हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सौभाग्यशाली प्रदेश है, जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यमुना जल समझौता, रामजल सेतु लिंक परियोजना, नर्मदा जल समझौता और अब किशाऊ बांध परियोजना जैसी महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। ये जल समझौते प्रदेश की जल सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और आने वाली पीढ़ियां इनके महत्व को याद रखेंगी।

उन्होंने कहा कि किशाऊ बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना से राजस्थान सहित छह राज्यों में सिंचाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा। इससे संबंधित राज्यों में जल सुरक्षा मजबूत होगी और विकास को नई गति मिलेगी।

बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित संबंधित राज्यों के मंत्रीगण एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 2 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *